अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे का दूसरा दिन खास बन गया, जब वह रविवार को मुंबई पहुंचे। कोलकाता और हैदराबाद के बाद मेसी का यह तीसरा पड़ाव था। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में उनके सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से उनकी खास मुलाकात हुई।

वानखेड़े पहुंचते ही मेसी का जोरदार स्वागत किया गया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने ‘मेसी… मेसी’ के नारों से माहौल को रोमांचक बना दिया। मेसी ने भी फैंस का अभिवादन किया और दर्शकदीर्घा की ओर फुटबॉल किक कर लोगों का दिल जीत लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर कार्यक्रम को और यादगार बना दिया। मेसी के साथ उनके साथी खिलाड़ी लुइस सुआरेज और रौड्रिगो डि पॉल भी मौजूद रहे।
इस खास मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारतीय फुटबॉल टीम के दिग्गज खिलाड़ी सुनील छेत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस अवसर पर ‘प्रोजेक्ट महादेवा’ लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र में युवा फुटबॉल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक तैयार करना है।
खेल जगत से जुड़ी खबरें: Click here
वानखेड़े में सचिन तेंदुलकर और लियोनल मेसी की मुलाकात भारतीय खेल इतिहास का यादगार क्षण बन गई। सचिन ने मेसी के मुंबई आगमन को देश के लिए “सुनहरा पल” बताया। उन्होंने इस मुलाकात की तुलना 2011 विश्व कप जीत की यादों से की। इस दौरान सचिन ने मेसी को अपने हस्ताक्षर की हुई नंबर 10 जर्सी भेंट की, जबकि मेसी ने बदले में सचिन को एक फुटबॉल उपहार में दी।
क्रिकेट और फुटबॉल के दो महान खिलाड़ियों की यह जुगलबंदी फैंस के लिए किसी सपने से कम नहीं रही और वानखेड़े स्टेडियम एक बार फिर इतिहास का गवाह बना।
