कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान मचे भारी बवाल के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। दत्ता मेसी और उनकी टीम को हैदराबाद के लिए विदा करने पहुंचे थे, तभी उन्हें हिरासत में लिया गया।

शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कथित कुप्रबंधन और अव्यवस्था के कारण हालात बेकाबू हो गए। हजारों रुपये खर्च कर टिकट खरीदने के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक मेसी को देख नहीं पाए। तय कार्यक्रम से पहले ही मेसी को स्टेडियम छोड़ना पड़ा, जिससे फैंस का गुस्सा फूट पड़ा और स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई।

स्टेडियम में कैसे भड़का गुस्सा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेडियम में बोतलें फेंकी गईं, कुर्सियां तोड़ी गईं और फेंसिंग के गेट तोड़कर कई लोग मैदान में घुस गए। कुछ जगहों पर आग लगने की भी खबर आई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, लेकिन स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही।

डीजीपी का बयान: टिकट का पैसा लौटेगा

पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ किया कि दर्शकों को टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे, अन्यथा आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और आयोजकों से लिखित जवाब मांगा गया है।

एडीजी (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम ने बताया कि एफआईआर की प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

पश्चिम बंगाल से जुड़ी बड़ी खबरें: Click here

सीएम ममता बनर्जी ने मांगी माफी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना पर खेद जताते हुए मेसी, उनके प्रशंसकों और खेल प्रेमियों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) असीम कुमार रे की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है, जो जवाबदेही तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगी।

By ARPITA SARKAR

पत्रकारिता में करीब 2 साल का अनुभव रखने वाली अर्पिता सरकर, वर्तमान में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में BJMC की छात्रा हैं। उन्होंने कंटेंट राइटिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में दो साल काम किया है, विभिन्न डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर लेख व वीडियो स्क्रिप्ट तैयार की हैं। अर्पिता भारतीय राजनीति, सामाजिक मुद्दे और क्राइम रिपोर्टिंग पर पैनी नजर रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *