भारतीय रेलवे एक बार फिर यात्रियों को प्रीमियम और तेज़ यात्रा का अनुभव देने जा रहा है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हावड़ा–गुवाहाटी रूट पर शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें वेटिंग लिस्ट और RAC की सुविधा नहीं होगी। यानी यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट ही मिलेगा।

रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण, जांच और प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन असम और पश्चिम बंगाल के बीच लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक और तेज बनाएगी।
टिकट बुकिंग में क्या होगा खास
रेलवे बोर्ड के 9 जनवरी 2026 के परिपत्र के अनुसार, इस ट्रेन में केवल कन्फर्म टिकट जारी किए जाएंगे। अग्रिम आरक्षण अवधि के पहले दिन से ही सभी बर्थ बुकिंग के लिए उपलब्ध होंगी। RAC या प्रतीक्षा सूची जैसी व्यवस्था नहीं होगी, जिससे यात्रियों को अनिश्चितता से राहत मिलेगी।
किराया और श्रेणियां
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में 1AC, 2AC और 3AC श्रेणियां होंगी। न्यूनतम 400 किलोमीटर की दूरी के आधार पर किराया तय किया जाएगा और लागू होने पर GST अतिरिक्त लगेगा। किराए को मौजूदा रेलवे नियमों के अनुसार राउंड ऑफ किया जाएगा।
आरक्षण कोटा
इस ट्रेन में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों (PwD) और ड्यूटी पास धारकों के लिए निर्धारित कोटा लागू होगा। इसके अलावा कोई अन्य विशेष आरक्षण कोटा नहीं रहेगा।
West Bengal से जुड़ी खबरें: Click here
अत्याधुनिक सुविधाएं
वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 180 किमी प्रति घंटे की डिज़ाइन गति वाली सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है। इसमें बेहतर कुशनिंग वाले एर्गोनॉमिक बर्थ, ऑटोमैटिक दरवाजे, कम शोर वाली सस्पेंशन तकनीक, सभी कोचों में CCTV, आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम और उन्नत अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दी गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
