पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद क्रूर घटना सामने आई है। हावड़ा सिटी पुलिस के अंतर्गत जगाचा थाना क्षेत्र के हाटपुकुर इलाके में शुक्रवार देर रात चार लोगों ने कथित तौर पर ठंड में रोने की आवाज से परेशान होकर पांच मासूम पिल्लों को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पिल्ले और उनकी मां पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड के कारण रो रहे थे। इसी से नाराज होकर पास के एक आवासीय परिसर के कुछ निवासियों ने अपनी गाड़ियों से पेट्रोल निकालकर पिल्लों पर डाल दिया और आग लगा दी। इस भयावह घटना में पांचों पिल्लों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से झुलस गई।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही कई पशु प्रेमी और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंचे। हावड़ा की संस्था ममतामयी मां के संस्थापक सुभाषीष पाल और उनकी पत्नी स्वप्ना ने इस अमानवीय कृत्य को सार्वजनिक किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने घायल मां कुत्ते के इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।
इसके बाद कई पशु कल्याण संगठनों ने जगाचा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जले हुए पिल्लों के शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। स्थानीय निवासी देबाशीष मंडल ने आरोप लगाया कि इलाके में आवारा जानवरों के साथ अक्सर दुर्व्यवहार किया जाता रहा है।
पश्चिम बंगाल की अन्य खबरें पढ़ें: Click here
घटना पर स्थानीय विधायक और मंत्री अरूप रॉय ने गहरा दुख जताया और पुलिस को दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सुभाषीष पाल ने कहा, “एक सभ्य समाज में ऐसी दरिंदगी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इस घटना ने हमें अंदर तक झकझोर दिया है।”
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
