राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इंसानियत और कर्तव्य की एक मिसाल देखने को मिली, जब एक गर्भवती महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हो गया। समय पर अस्पताल पहुंच पाना संभव नहीं था, ऐसे में महिला कांस्टेबल अमित कुमारी और अन्य महिला यात्रियों ने मिलकर स्टेशन परिसर में ही महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई। मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

बुधवार सुबह पहाड़गंज पुलिस बूथ पर तैनात महिला कांस्टेबल अमित कुमारी को उनके SHO का फोन आया। उन्हें तुरंत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने को कहा गया। स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक गर्भवती महिला तेज दर्द से कराह रही है और स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है।

इलाज के लिए दिल्ली आ रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक, गर्भवती महिला छपरा से दिल्ली इलाज के लिए आ रही थी। उसके पति हरियाणा में मजदूरी करते हैं। स्टेशन पर उतरने के बाद जब पति जरूरी सामान लेने के लिए बाहर गए, तभी महिला को अचानक तेज लेबर पेन शुरू हो गया।

महिला दर्द से छटपटाने लगी, जिसे देखकर वहां मौजूद यात्रियों ने तुरंत PCR कॉल की। स्टेशन पर मौजूद महिला RPF कर्मियों और महिला यात्रियों को इकट्ठा किया गया और गर्भवती महिला को गेट नंबर 2 के पास स्थित वेटिंग हॉल में ले जाया गया।

दिल्ली से जुड़ी बड़ी खबरें: Click here

एम्बुलेंस से पहले आई हिम्मत

एम्बुलेंस का इंतजार करना जोखिम भरा था। हालात को देखते हुए सभी ने मिलकर वहीं डिलीवरी कराने का फैसला किया। महिला कांस्टेबल अमित कुमारी ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अन्य महिलाओं की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया।

अमित कुमारी ने बताया कि शुरुआत में घबराहट जरूर हुई, लेकिन महिला की हालत देखकर यही लगा कि तत्काल कदम उठाना जरूरी है। कुछ ही देर में महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

बाद में मां और नवजात को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को स्वस्थ बताया।

यह घटना न सिर्फ पुलिसकर्मियों की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि संवेदनशीलता और साहस से किसी की जान बचाई जा सकती है।

By ARPITA SARKAR

पत्रकारिता में करीब 2 साल का अनुभव रखने वाली अर्पिता सरकर, वर्तमान में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में BJMC की छात्रा हैं। उन्होंने कंटेंट राइटिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में दो साल काम किया है, विभिन्न डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर लेख व वीडियो स्क्रिप्ट तैयार की हैं। अर्पिता भारतीय राजनीति, सामाजिक मुद्दे और क्राइम रिपोर्टिंग पर पैनी नजर रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *