पंजाब के मोहाली में कबड्डी प्रमोटर और खिलाड़ी कुंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालड़ू इलाके के लहली गांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुए एनकाउंटर में एक शूटर को ढेर कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिस जवान भी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाश की पहचान हरपिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो राणा बलाचौरिया हत्याकांड में मुख्य शूटर था। यह एनकाउंटर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

बता दें कि दो दिन पहले मोहाली के सोहाना क्षेत्र के सेक्टर-82 स्थित मैदान में सोमवार शाम राणा बलाचौरिया की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राणा की मौत 30 बोर पिस्टल से सिर के पीछे मारी गई एक गोली से हुई। यह पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल फेज-6 में डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। बाइक पर सवार दो शूटर सेल्फी लेने के बहाने राणा के पास पहुंचे और बेहद नजदीक से गोली मारकर फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि राणा बलाचौरिया का गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से कबड्डी टूर्नामेंटों को लेकर करीबी रिश्ता था, जिस वजह से विरोधी गैंगों से रंजिश चल रही थी।

पंजाब क्राइम से जुड़ी ताज़ा खबरें: Click here

इस मामले में अमृतसर पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी करण, निर्मलजीत और मंदीप को गिरफ्तार किया है। इन तीनों को एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया, जिनमें से एक आरोपी को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। राणा बलाचौरिया हत्याकांड ने एक बार फिर पंजाब में गैंगवार और खेल आयोजनों से जुड़ी आपराधिक साजिशों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By ARPITA SARKAR

पत्रकारिता में करीब 2 साल का अनुभव रखने वाली अर्पिता सरकर, वर्तमान में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में BJMC की छात्रा हैं। उन्होंने कंटेंट राइटिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में दो साल काम किया है, विभिन्न डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर लेख व वीडियो स्क्रिप्ट तैयार की हैं। अर्पिता भारतीय राजनीति, सामाजिक मुद्दे और क्राइम रिपोर्टिंग पर पैनी नजर रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *