सनी देओल स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। चंद घंटों के भीतर ही ट्रेलर ट्रेंड करने लगा और फैन्स ने सनी देओल को उनके पुराने दमदार अंदाज में देखकर जबरदस्त उत्साह दिखाया। सनी की वही ऊंची आवाज, देशभक्ति से भरे डायलॉग और आंखों में जज्बा देखकर दर्शकों को 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर की याद आ गई।

ट्रेलर के वायरल होते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर यूजर्स ने इसे जमकर शेयर किया। कई फैन्स ने लिखा, “वक्त बदला है, जज्बात नहीं”, तो किसी ने इसे भारतीय सिनेमा की देशभक्ति वाली विरासत का अगला अध्याय बताया। एक यूजर ने लिखा, “युद्ध खत्म हो गया और जीत की विरासत जारी है,” जो ट्रेलर की भावना को साफ दर्शाता है।
फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में वरुण के दमदार एक्शन और गंभीर अभिनय को भी दर्शकों ने खूब सराहा है। खास बात यह है कि हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘संदेसे आते हैं’ को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग देखने को मिली थी, लेकिन अब ट्रेलर में वरुण धवन की परफॉर्मेंस देखकर फैन्स का नजरिया बदलता दिख रहा है।
Bollywood से जुड़ी खबरें: Click here
हालांकि, जहां एक तरफ ज्यादातर दर्शक ट्रेलर की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने इसके वीएफएक्स को लेकर असहमति भी जताई है। बावजूद इसके, फिल्म को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ है और यह पहले ही दिन से ट्रेंडिंग में बनी हुई है।
‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर से साफ है कि फिल्म देशभक्ति, बलिदान और जज्बे की उसी भावना को आगे बढ़ाने वाली है, जिसने पहली बॉर्डर को ऐतिहासिक बना दिया था।
