पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को शिया मस्जिद में हुए भीषण आत्मघाती हमले से दहल उठी। तरलाई कलां इलाके में स्थित इमामबाड़ा कास्र-ए-खदीजतुल कुबरा में जुमे की नमाज़ के दौरान एक खुदकुश हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। उस वक्त इमामबाड़े में करीब 700 लोग मौजूद थे। इस हमले में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 170 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हमले के बाद राजधानी के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया। इस्लामाबाद में शिया मस्जिद को निशाना बनाए जाने की यह घटना करीब 9 साल बाद हुई है, जिससे शिया समुदाय के खिलाफ हिंसा बढ़ने की आशंका गहराने लगी है। फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक कट्टरपंथी सुन्नी गुटों पर जताया जा रहा है।
