दिल्ली में बढ़ते जानलेवा प्रदूषण को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोमवार को दिल्ली सरकार के खिलाफ सचिवालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के विधायक और नेता हाथों में थाली-चम्मच लेकर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने नारा लगाया— “प्रदूषण तुमको जाना पड़ेगा…”

AAP का आरोप है कि दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है, लेकिन सरकार हालात से निपटने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदूषण की वजह से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।

प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी सरकार पर सीधा हमला बोला। उनका कहना था कि चुनावी वादों के बावजूद प्रदूषण कम करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि सिर्फ बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से दिल्ली की हवा साफ नहीं होने वाली।

AAP ने मांग की कि सरकार तुरंत आपात बैठक बुलाकर प्रदूषण नियंत्रण को लेकर ठोस कार्ययोजना पेश करे। पार्टी का कहना है कि निर्माण कार्यों पर सख्ती, वाहनों के उत्सर्जन पर नियंत्रण और औद्योगिक प्रदूषण रोकने के लिए कड़े नियम लागू किए जाने चाहिए। साथ ही, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की सेहत को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएं।

दिल्ली से जुड़ी ताज़ा खबरें: Click here

प्रदर्शन के दौरान सचिवालय परिसर में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन थाली-चम्मच बजाकर AAP नेताओं ने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। AAP का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दिल्ली में प्रदूषण का मुद्दा हर साल सर्दियों में गंभीर रूप ले लेता है। ऐसे में यह प्रदर्शन आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव को और तेज कर सकता है। अब देखना होगा कि सरकार इस दबाव के बाद दिल्ली प्रदूषण पर क्या ठोस कदम उठाती है।

By ARPITA SARKAR

पत्रकारिता में करीब 2 साल का अनुभव रखने वाली अर्पिता सरकर, वर्तमान में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में BJMC की छात्रा हैं। उन्होंने कंटेंट राइटिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में दो साल काम किया है, विभिन्न डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर लेख व वीडियो स्क्रिप्ट तैयार की हैं। अर्पिता भारतीय राजनीति, सामाजिक मुद्दे और क्राइम रिपोर्टिंग पर पैनी नजर रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *