पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बिहार के मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी ने टीएमसी प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा हमला बोला है। पश्चिम बंगाल बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक विवादित पोस्ट साझा करते हुए ममता बनर्जी की तुलना जर्मनी के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर से कर दी।

बीजेपी द्वारा शेयर की गई तस्वीर में ममता बनर्जी के आधे चेहरे को हिटलर की मूंछों के साथ दिखाया गया है। पोस्ट में लिखा गया— “तानाशाह घबरा गया है!” और दावा किया गया कि दोनों की कार्यशैली एक जैसी है। इस पोस्ट के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और इसे बीजेपी का अब तक का सबसे तीखा हमला माना जा रहा है।
बीजेपी का यह हमला ऐसे समय पर सामने आया है, जब चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जानी है। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बंगाल में करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जो बिहार से भी अधिक बताए जा रहे हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की खुद की विधानसभा सीट भावानीपुर में भी 40 हजार से ज्यादा वोटरों के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर टीएमसी लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है और बीजेपी पर साजिश के आरोप लगा रही है।
पश्चिम बंगाल की बड़ी खबरें: Click here
बीजेपी का कहना है कि टीएमसी वोटर लिस्ट की सफाई से घबराई हुई है और इसी वजह से ममता बनर्जी बौखलाहट में बयानबाजी कर रही हैं। वहीं टीएमसी ने बीजेपी की इस तुलना को अशोभनीय और लोकतंत्र का अपमान बताया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जैसे-जैसे वोटर लिस्ट और आगामी चुनावों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, बंगाल की सियासत और ज्यादा तीखी होती जाएगी।
