लखनऊ/वाराणसी। काशी तमिल संगमम के शुभारंभ कार्यक्रम में सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। वाराणसी के नमो घाट पर एक नशे में धुत युवक अचानक सुरक्षा घेरा तोड़कर मंच की तरफ दौड़ पड़ा। सुरक्षाबलों ने तत्काल उसे पकड़कर नीचे गिरा दिया, लेकिन मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कैसे हुई सुरक्षा में चूक?
सूत्रों के मुताबिक, युवक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद भीड़ में शामिल था। जैसे ही सीएम योगी का संबोधन शुरू हुआ, वह तेजी से मंच की ओर भागने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और जांच के लिए हिरासत में ले लिया।
आरोपी ने पूछताछ में क्या बताया?
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह नशे की हालत में था और “सीएम योगी को नजदीक से देखना चाहता था।” हालांकि सुरक्षा एजेंसियां उसके इस बयान से संतुष्ट नहीं हैं और उसके मोबाइल, संपर्कों और पृष्ठभूमि की गहन जांच की जा रही है।
यूपी की बड़ी खबरें: Click here
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और तमिलनाडु से आए प्रतिनिधि मौजूद थे। ऐसे में यह सुरक्षा चूक गंभीर मानी जा रही है। SPG और स्थानीय पुलिस ने घटना की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
