
दिल्ली में फरवरी में ही 31.6°C, साल का सबसे गर्म दिन दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में सोमवार को इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है।
फरवरी के मध्य में 30°C पार करना असामान्य
मौसम विभाग के अनुसार पिछले एक दशक में फरवरी के मध्य में तापमान 30 डिग्री के स्तर को पार नहीं करता था। आमतौर पर 20 फरवरी के बाद ही पारा 30°C के पार जाता है।
आयानगर में अधिकतम तापमान 30.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक है।
न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास
पालम और रिज में न्यूनतम तापमान क्रमशः 11.6°C और 11.8°C दर्ज किया गया। आयानगर में न्यूनतम तापमान 9.4°C रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।
सफदरजंग और लोधी रोड में न्यूनतम तापमान क्रमशः 10.1°C और 10.4°C रहा।
AQI 258, हवा की रफ्तार कम
‘समीर’ ऐप के अनुसार राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 258 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। कम हवा और साफ आसमान के कारण दोपहर में तेज धूप दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ से बारिश की संभावना
निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिससे अगले एक-दो दिन में छिटपुट बारिश हो सकती है। बारिश से तापमान में गिरावट और प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
