बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। सम्राट चौधरी ने गृह विभाग का कार्यभार संभालते ही सख्त फैसलों की घोषणा कर दी। पुलिस मुख्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने साफ कहा—अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सम्राट चौधरी ने यूपी मॉडल की तर्ज पर बिहार में एंटी रोमियो स्क्वायड शुरू करने का ऐलान किया। छेड़खानी, स्टॉकिंग और सड़क पर महिलाओं को परेशान करने पर तुरंत कार्रवाई होगी। इसके लिए पिंक पुलिस की अलग से तैनाती बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि छेड़खानी या उत्पीड़न की शिकायत पर सिर्फ आरोपी ही नहीं, लापरवाह पुलिसकर्मी पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। यह व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू की जा रही है।
सम्राट चौधरी ने अपराधियों और कुख्यात माफियाओं के खिलाफ भी बड़ा कदम उठाया। उन्होंने 400 से अधिक माफियाओं की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे दिया। उनका कहना है कि अपराध और माफिया राज को किसी भी हालत में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा, साइबर अपराध पर भी सख्त मोड अपनाया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि साइबर ठगी, OTP फ़्रॉड और डिजिटल क्राइम पर “सफाई अभियान” चलाया जाए। इसके लिए अलग यूनिट को मजबूत किया जाएगा।
1972 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी गैर-मुख्यमंत्री ने बिहार का गृह मंत्रालय संभाला है। सम्राट चौधरी के पदभार संभालते ही उच्च अधिकारियों के साथ पहली बैठक में उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराध नियंत्रण में किसी स्तर पर ढिलाई दिखी तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।
राज्य सरकार का दावा है कि इन कदमों से सड़क पर सुरक्षा बढ़ेगी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा बदलाव दिखेगा। वहीं विपक्ष इसे “दिखावटी कार्रवाई” बता रहा है। जनता फिलहाल नए सिस्टम पर नज़र बनाए हुए है।
और पढ़ें: Click here
बिहार में पुलिस तंत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है। उम्मीद की जा रही है कि इन फैसलों से अपराध और छेड़खानी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।
