पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में आज बड़ा धार्मिक और राजनीतिक आयोजन होने जा रहा है। टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर 25 बीघा जमीन पर बाबरी मस्जिद जैसी संरचना के शिलान्यास का कार्यक्रम कर रहे हैं। इस आयोजन में तीन लाख लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया है।

कबीर के अनुसार, कई राज्यों के धार्मिक नेता इस समारोह में शामिल होंगे, जबकि सऊदी अरब से दो काजी भी आज विशेष काफिले से कोलकाता एयरपोर्ट के रास्ते बेलडांगा पहुंच सकते हैं। आयोजन स्थल राष्ट्रीय राजमार्ग NH-12 के किनारे स्थित है, जहां तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं।
कबीर के इस कदम ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने इसे “संगठन के लिए शर्मिंदगी” बताते हुए उन्हें गुरुवार को पार्टी से निलंबित कर दिया था। हालांकि, कबीर ने दावा किया है कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव से नहीं झुकेंगे और कार्यक्रम निर्धारित समय पर होगा।
कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था और NH-12 पर ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए कबीर की टीम के साथ कई दौर की बैठकें की हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बेलडांगा और रानीनगर थानों में करीब 3,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।
कार्यक्रम स्थल पर भोजन की तैयारी भी विशाल स्तर पर हो रही है। आयोजकों के मुताबिक, भीड़ के लिए 60 हजार शाही बिरयानी पैकेट बनाए जाएंगे, जिसके लिए मुर्शिदाबाद की सात खानपान एजेंसियों को अनुबंध दिया गया है।
पश्चिम बंगाल खबरें: Click here
NH-12 पर इस भीड़ के कारण भारी ट्रैफिक दबाव की आशंका है, इसलिए प्रशासन ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की योजना बनाई है। जिला अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
मुर्शिदाबाद के इस बड़े आयोजन को लेकर राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही हलकों में हलचल बढ़ गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न होता है या नहीं।
