साल 2025 में बॉक्स ऑफिस पर भले ही कई बड़ी फिल्में रिलीज़ हुई हों, लेकिन IMDb की टॉप-10 सबसे ज्यादा रेटिंग वाली फिल्मों की सूची ने साफ कर दिया कि दर्शकों और समीक्षकों की पसंद में कंटेंट ही असली किंग है। इस साल की लिस्ट में साउथ सिनेमा का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला, जबकि बॉलीवुड से सिर्फ एक फिल्म ही टॉप-10 में जगह बना सकी।

IMDb की रेटिंग के आधार पर 2025 की सबसे ऊपर रहने वाली फिल्म ‘लालो: कृष्णा सदा सहायते’ रही, जिसे 8.7 की शानदार रेटिंग मिली। यह एक रिक्शा चालक की आध्यात्मिक यात्रा की कहानी है, जिसने दर्शकों को गहराई से जोड़ा। दूसरे नंबर पर दुलकर सलमान की फिल्म ‘कांथा’ (8.4) रही, जो 1950 के दशक के मद्रास में सामाजिक बदलावों को दर्शाती है।
तीसरे स्थान पर ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा: चैप्टर 1’ (8.3) रही, जिसने बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ समीक्षकों का दिल भी जीता। इसके अलावा ‘एको’ (8.3), ‘टूरिस्ट फैमिली’ (8.2) और ‘बौ बुट्टू भूता’ (8.2) जैसी फिल्मों ने यह साबित किया कि क्षेत्रीय सिनेमा अब सिर्फ स्थानीय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान बना रहा है।
बॉलीवुड की बात करें तो नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ ही एकमात्र हिंदी फिल्म रही, जिसने IMDb टॉप-10 में जगह बनाई। ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर अभिनीत इस फिल्म को 8.0 रेटिंग मिली और यह ऑस्कर 2026 के लिए भारत की ओर से नामांकित भी है।
एंटरटेनमेंट से जुड़ी खबरें: Click here
सूची में शामिल अन्य फिल्मों में ‘रेखाचित्रम’, ‘कोर्ट – स्टेट वर्सेस ए नोबडी’ और ‘बाइसन’ भी हैं, जिनकी कहानियां सामाजिक मुद्दों, संघर्ष और जमीनी सच्चाई को दर्शाती हैं।
IMDb टॉप-10 लिस्ट 2025 एक बार फिर यह साबित करती है कि बड़े स्टार्स और बजट से ज्यादा दर्शक मजबूत कहानी और ईमानदार प्रस्तुति को तरजीह दे रहे हैं।
