बिहार की नई एनडीए सरकार बन चुकी है। इस बार कैबिनेट में बीजेपी का दबदबा साफ दिख रहा है। सबसे बड़ा बदलाव यह कि नीतीश कुमार ने गृह विभाग पहली बार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सौंप दिया है। यह फैसला राजनीतिक संकेतों को और मजबूत करता है।

अब सबकी निगाहें एक और अहम पद पर टिकी हैं—विधानसभा स्पीकर। माना जा रहा है कि यह पद भी बीजेपी के खाते में ही जाएगा। इसी बीच चर्चाएं और तेज हो गई हैं कि इस बार बिहार विधानसभा को पहली बार महिला स्पीकर मिल सकती है।

बीजेपी के पास इस समय कुल 10 महिला विधायक हैं। पार्टी के भीतर लंबे समय से महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की चर्चा जारी थी। ऐसे में स्पीकर पद के लिए एक महिला को चुनना बीजेपी के लिए बड़ा संदेश साबित हो सकता है।

इसी कड़ी में पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। रेणु देवी संगठन में मजबूत पकड़ और अनुभव दोनों रखती हैं। चुनावी मैदान से लेकर सरकार में काम करने तक का उनका सफर उन्हें इस पद की दावेदारी में सबसे आगे लाता है।

सूत्रों के अनुसार, बीजेपी नेतृत्व इस फैसले को लेकर गंभीर है। पार्टी चाहती है कि विधानसभा की कमान किसी अनुभवी, सख्त और प्रशासनिक समझ वाले चेहरे के हाथ में हो। रेणु देवी के अलावा कुछ और नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन पार्टी ने आधिकारिक रूप से किसी नाम पर मुहर नहीं लगाई है।

और पढ़ें: Click here

स्पीकर का चयन अगले कुछ दिनों में होने की उम्मीद है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि यह कदम बीजेपी को महिला मतदाताओं के बीच और मजबूत करेगा। लगातार बढ़ती महिला राजनीतिक भागीदारी को देखते हुए यह नियुक्ति एक बड़ा संकेत बन सकती है।

बिहार की राजनीति में यह बदलाव ऐतिहासिक भी हो सकता है, क्योंकि राज्य ने आज तक किसी महिला स्पीकर को नहीं देखा है। अब सबकी नजरें केवल इस बात पर हैं कि एनडीए इस मौके का कैसे उपयोग करती है।

By ARPITA SARKAR

पत्रकारिता में करीब 2 साल का अनुभव रखने वाली अर्पिता सरकर, वर्तमान में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में BJMC की छात्रा हैं। उन्होंने कंटेंट राइटिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में दो साल काम किया है, विभिन्न डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर लेख व वीडियो स्क्रिप्ट तैयार की हैं। अर्पिता भारतीय राजनीति, सामाजिक मुद्दे और क्राइम रिपोर्टिंग पर पैनी नजर रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *