अबू धाबी में हो रहे IPL 2026 Auction के मिनी ऑक्शन में कई चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। जहां एक ओर कुछ अंतरराष्ट्रीय सितारों पर करोड़ों की बोली लगी, वहीं दूसरी ओर कई बड़े और चर्चित नाम अनसोल्ड रह गए। इस ऑक्शन में सबसे ज्यादा फायदा भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ियों को होता दिख रहा है।

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को 13 करोड़ रुपये में खरीदकर अपनी टीम को मजबूती दी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बड़ा दांव खेलते हुए दो अनकैप्ड खिलाड़ियों प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को खरीदा। दोनों का बेस प्राइस सिर्फ 30 लाख रुपये था, लेकिन CSK ने इन पर कुल 28 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च कर दिए। यह किसी भी अनकैप्ड खिलाड़ी के लिए अब तक का सबसे बड़ा आईपीएल सौदा माना जा रहा है।
अन्य अनकैप्ड खिलाड़ियों में कश्मीर के आकिब डार को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने मुकुल चौधरी को 2.60 करोड़ और नमन तिवारी को 1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। इन सौदों ने साफ कर दिया कि फ्रेंचाइज़ियां भविष्य के सितारों पर जमकर भरोसा जता रही हैं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की बात करें तो कैमरून ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वह सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। इसके अलावा मथीशा पथिराना (KKR, 18 करोड़), रवि बिश्नोई (RR, 7.20 करोड़) और वेंकटेश अय्यर (RCB, 7 करोड़) को भी बड़ी रकम मिली।
आईपीएल से जुड़ी ताज़ा खबरें: Click here
हालांकि, ऑक्शन में कुछ बड़े नामों का अनसोल्ड रहना सभी को चौंका गया। सरफराज खान, पृथ्वी शॉ और शुरुआती दौर में लियाम लिविंगस्टोन जैसे खिलाड़ियों को खरीदार नहीं मिला, जो ऑक्शन की सबसे बड़ी हैरानी रही।
आज कुल 369 खिलाड़ियों की नीलामी होनी है। अब तक के ट्रेंड से साफ है कि IPL 2026 Auction में टीमों की रणनीति अनुभव से ज्यादा युवा और भविष्य की संभावनाओं पर केंद्रित है।
