
बिहार के कटिहार जिले के कुर्सेला बाजार हाट में रविवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। कुर्सेला थाना क्षेत्र में दुर्गा मंदिर के पास लगी इस आग में करीब 200 से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग शाम करीब 7:35 बजे लगी और तेज हवा के कारण कुछ ही मिनटों में पूरे बाजार में फैल गई। दुकानदार जान बचाकर सामान निकालने की कोशिश करते रहे, लेकिन ज्यादातर दुकानें नहीं बच सकीं। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, बावजूद इसके आग पर देर रात तक काबू नहीं पाया जा सका। इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
